सीएम साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति के अमर प्रेरणास्रोत हैं, जिनके ओजस्वी विचारों और मानवता से परिपूर्ण दर्शन ने भारत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को आत्मविश्वास, सेवा और आध्यात्मिक जागरण की नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का सम्पूर्ण जीवन युवाओं को यह सिखाता है कि आत्मबल, चरित्र निर्माण और सेवा-भाव से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उनका यह संदेश कि “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए”, आज भी युवाओं को आत्मनिर्भर, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ बनने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत त्रिवेणी दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि स्वामी विवेकानंद के जीवन का एक महत्वपूर्ण कालखंड राजधानी रायपुर में व्यतीत हुआ। रायपुर की धरती से जुड़ी उनकी स्मृतियां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करती हैं और आज भी युवाओं को उच्च आदर्शों की ओर प्रेरित करती हैं। यही कारण है कि रायपुर स्थित विवेकानंद आश्रम और उनसे जुड़े स्थल प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वामी विवेकानंद के दार्शनिक और वैचारिक मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए पथप्रदर्शक बने रहेंगे तथा छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की युवा शक्ति को राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।





