नागपंचमी पर मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं, पर्व को बताया प्रकृति से सह-अस्तित्व का प्रतीक

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति, लोक आस्था, और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की भावना का जीवंत प्रतीक है। नागपंचमी न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह हमारी परंपराओं और पर्यावरण के बीच संतुलन का भी संदेश देता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पर्व हमें जीव-जंतुओं के प्रति करुणा, सम्मान, और संवेदनशीलता की सीख देता है। हमारे पूर्वजों द्वारा स्थापित इस परंपरा ने हमें यह सिखाया है कि हर जीव प्रकृति की व्यवस्था का अहम हिस्सा है और उनके साथ सम्मानपूर्ण सह-अस्तित्व ही सच्चा धर्म है।
उन्होंने कहा कि नागपंचमी जैसे पर्व, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाते हैं। ये पर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह हमारी संस्कृति में पर्यावरण और जीवन के अन्य रूपों के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को संजोएं, सामाजिक सौहार्द को बढ़ाएं और जीवन में पर्यावरणीय चेतना को अपनाएं। उन्होंने सभी नागरिकों को पर्व की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए संदेश दिया कि हम सब मिलकर एक संतुलित और करुणामय समाज की स्थापना करें।