सीएम साय ने साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर व्यक्त की गहरी शोक-संवेदना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरव, वरिष्ठ एवं विख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे हिंदी साहित्य और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि विनोद कुमार शुक्ल ने अपनी विशिष्ट लेखनी के माध्यम से साधारण जीवन को असाधारण गरिमा प्रदान की। नौकर की कमीज और दीवार में एक खिड़की रहती थी जैसी कालजयी रचनाओं के जरिए उन्होंने मानवीय संवेदना, सादगी और जीवन की सूक्ष्म अनुभूतियों को अत्यंत सहज और प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। उनकी भाषा-शैली में मौलिकता और गहराई थी, जिसने पाठकों की अनेक पीढ़ियों को प्रभावित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री शुक्ल की रचनाएँ केवल साहित्यिक कृतियाँ नहीं हैं, बल्कि वे मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और जीवन-दर्शन की सजीव अभिव्यक्ति हैं। उनका योगदान हिंदी साहित्य को समृद्ध करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों, साहित्य जगत और उनके असंख्य पाठकों को संबल प्रदान करें।





