मुख्यमंत्री ने स्व. दिनेश सेन को दी श्रद्धांजलि: विधायक रिकेश सेन के निवास पहुंचे, परिजनों को बंधाया ढांढस

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अपने दुर्ग प्रवास के दौरान भिलाई स्थित लोकांगन परिसर पहुंचकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई स्वर्गीय दिनेश सेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सेन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक रिकेश सेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना करते हुए कहा कि किसी प्रियजन का निधन जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश सेन का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री के आगमन पर परिवारजनों ने उनका आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय दिनेश सेन को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक ईश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय दिनेश सेन के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





