ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया नमन

सीएम निवास में पुष्पांजलि अर्पित कर जनजातीय समाज के लिए उनके योगदान को किया याद

रायपुर। रायपुर में पूर्व लोकसभा सांसद स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और विशेष रूप से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जूदेव जी के विचार, आदर्श और सेवा भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें समाज और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में आदिवासी समाज की पहचान, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने में जूदेव का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उनके प्रयासों से जनजातीय समाज में आत्मगौरव की भावना को बल मिला और समाज में सकारात्मक चेतना का संचार हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव ने जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की थीं। उनकी कार्यशैली और जनसरोकार से जुड़ी सोच आज भी लोगों के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनि भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

Related Articles

Back to top button