ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

62वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने श्री जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर। विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धापूर्वक परिक्रमा कर ईश्वर से प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य, खुशहाली और कल्याण का आशीर्वाद मांगा।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश में शांति, सामाजिक समरसता और निरंतर विकास के लिए विशेष प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

जन्मदिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की विशेष उपस्थिति रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

धार्मिक वातावरण, मंत्रोच्चार और श्रद्धा के बीच मुख्यमंत्री का यह जन्मदिवस सादगी, आस्था और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया गया।

Related Articles

Back to top button