मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा में शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, ऑपरेशन सिंदूर पर जताया गर्व

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के दुलदुला तहसील के चराईडाड़ गांव में आयोजित तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, बलिदान और एकता के संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था।
कार्यक्रम स्थल शिव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना को सम्मान देने और राष्ट्रीय एकता को दर्शाने के लिए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में भाग लेकर एकजुटता दिखाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बगीचा विकासखंड के शहीद जवान एल.के. तिर्की, एमानुएल केरकेट्टा, अलेक्जेंडर लकड़ा, प्रभु प्रकाश, सुनीत लकड़ा, एच.सी. इलिसियुस लकड़ा के परिजनों सहित जशपुर, कांसाबेल और कुनकुरी विकासखंडों के भूतपूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया।
इस आयोजन में विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, पद्मश्री जगेश्वर यादव, प्रशासनिक अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक, जनप्रतिनिधि और सैनिक परिवार शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को राष्ट्रीय भावना और शहीदों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति बताया और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करने की बात कही।