मुख्यमंत्री साय बने राजमिस्त्री, जल संरक्षण के लिए सोखता गड्ढे में की ईंट जोड़ाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखंड के विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्र बल्दाकछार गांव पहुंचे। यहां उन्होंने “मोर गांव, मोर पानी” महाभियान के तहत जल संचयन के लिए बन रहे सोखता गड्ढे का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने खुद सोखता गड्ढे में ईंट जोड़कर निर्माण कार्य में भाग लिया। उन्होंने जल बचाने के लिए जल संचयन वाहिनी के प्रयासों की सराहना की और कहा कि जल संकट से बचने के लिए ऐसे कार्य जरूरी हैं। जल संचयन वाहिनी की सदस्य ललिता ध्रुव ने बताया कि गांव में अब तक 10 नलकूपों के पास सोखता गड्ढों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही तालाबों की सफाई, जागरूकता रैली, दीवार लेखन और वर्षा जल संग्रहण के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय ने 24 अप्रैल 2025 को पंचायत राज दिवस पर “मोर गांव, मोर पानी” अभियान की शुरुआत की थी। अब तक जिले की 519 ग्राम पंचायतों में 2500 से अधिक सोखता गड्ढों का निर्माण हो चुका है और 1291 तालाबों की सफाई की जा चुकी है। ग्राम स्तर पर जल समिति की बैठकें भी आयोजित हो रही हैं, जिनमें जल संरक्षण के नए प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। हर पंचायत में दो जल संचयन वाहिनियाँ गठित की गई हैं जो ग्रामीणों को जागरूक करने का काम कर रही हैं।