ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कृषि विविधीकरण, ग्रामीण अधोसंरचना और आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ की प्रगति सराहनीय: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में कृषि विविधीकरण, ग्रामीण अधोसंरचना और आवास निर्माण के कार्यों की सराहना की है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रभावी कार्य हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ जहां पहले से “धान का कटोरा” माना जाता है, वहीं अब फल-सब्जी उत्पादन में तेज़ वृद्धि कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

मंत्री चौहान आज महानदी मंत्रालय भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों से सीधे संवाद और उनकी खेती देखने का अवसर प्रेरणादायक रहा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पिछले डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ को 18 लाख से अधिक पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और पीएम जनमन योजना के तहत भी अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। ग्रामीण अधोसंरचना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में हजारों किलोमीटर सड़कों और पुलों का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कृषि, आवास और ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Related Articles

Back to top button