रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ वैश्विक मंच पर एक प्रतिस्पर्धी और दूरदर्शी निवेश गंतव्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जापान प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री साय ने औद्योगिक सहयोग और वैश्विक साझेदारियों को सुदृढ़ करने के लिए कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने टोक्यो स्थित जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में क्षेत्रीय विविधीकरण, व्यापार और तकनीकी सहयोग, आधारभूत संरचना विकास तथा छत्तीसगढ़ में उभरते निवेश अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशक-अनुकूल नीतियों, हालिया सुधारों और स्टार्टअप्स व नई पीढ़ी के उद्योगों को दिए जा रहे सहयोग पर प्रकाश डाला।
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भविष्य उन्नत प्रौद्योगिकियों के साथ गहराई से जुड़ा है। इसी कड़ी में उन्होंने टोक्यो में आयोजित “Deep Space – To the Moon and Beyond” अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह दौरा खास इसलिए है क्योंकि राजनांदगांव में भारत सरकार के सहयोग से स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना की जा रही है। यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ को वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने जापान में बसे भारतीय समुदाय से भी संवाद किया। उन्होंने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और उद्योगों को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों की जानकारी साझा की। भारतीय प्रवासी समुदाय ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे जापान-छत्तीसगढ़ संबंधों को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग करेंगे और जापानी कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए प्रेरित करेंगे।