छत्तीसगढ़ के शहरों ने स्वच्छता में मारी बाजी, बिल्हा बना देश का सबसे स्वच्छ शहर

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ के शहरों ने देशभर में अपनी साफ-सफाई से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नगर पंचायत बिल्हा को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख की जनसंख्या वाले शहरों में दूसरा स्थान पाया है, जबकि कुम्हारी को 20 से 50 हजार आबादी की श्रेणी में तीसरा स्थान मिला है।
यह सम्मान नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किए गए। इस दौरान छत्तीसगढ़ के कुल सात नगरीय निकायों को पुरस्कार मिले।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विजेता निकायों को बधाई दी और इसे राज्य के लिए गर्व की बात बताया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजेता निकायों के महापौर व अध्यक्षों ने समारोह में पुरस्कार ग्रहण किए।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करती है।