छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे का INDIA ‘A’ टीम में चयन: श्रीलंका दौरे पर दिखाएंगे दम, शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व की खबर सामने आई है। प्रदेश के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन भारत ‘ए’ टीम में श्रीलंका दौरे के लिए किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भारत ‘ए’ टीम की घोषणा की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को भी जगह मिली है। उनके चयन से प्रदेश के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।

22 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे पिछले कुछ वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में उनकी दमदार बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 19 मैचों की 34 पारियों में 1430 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 47.66 रहा है, जबकि उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 211 रन रहा है।

हाल ही में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ खेली गई 183 रन की शानदार पारी को उनके चयन का प्रमुख आधार माना जा रहा है। इस पारी में उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी में भी 78 और 49 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की थी।

आयुष इन दिनों छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) में बिलासपुर बुल्स की कप्तानी कर रहे हैं। हाल ही में बस्तर बायसन के खिलाफ उन्होंने 147 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया। 13 चौकों और 11 छक्कों से सजी यह पारी CCPL इतिहास का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बन गई।

श्रीलंका दौरे के लिए घोषित भारत ‘ए’ टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। आयुष का चयन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के बढ़ते कद और राज्य की उभरती प्रतिभाओं का प्रमाण माना जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वह इस दौरे पर भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखेंगे।

Exit mobile version