ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नक्सलवाद समाप्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ेगा छत्तीसगढ़: सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलवाद के उन्मूलन और विकास की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए ज्वाइंट टास्क फोर्स का गठन कर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को रोज़गार से जोड़ा जा रहा है और नियद नेल्लानार योजना के तहत गांवों का पुनर्वास किया जा रहा है।

साय ने बताया कि बस्तर में बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु बने हैं। बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि बस्तरवासी अब विकास की राह पर अग्रसर होना चाहते हैं। तेंदूपत्ता खरीदी समेत अन्य योजनाओं का लाभ भी अब सीधे वनवासियों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपनी हालिया जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और औद्योगिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया गया। उन्होंने निवेशकों को राज्य की नई उद्योग नीति से अवगत कराते हुए उद्योग एवं रोजगार सृजन पर बल दिया। साय ने कहा कि राज्य में खनिज संपदा, वनों और आयुर्वेद-हर्बल उत्पादों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

सीएम साय ने लावारिस पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा सबकी जिम्मेदारी है। गोचर भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ ही अंजोर विजन-2047 के जरिए विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार किया जाएगा। उन्होंने जनता से इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button