ओसाका वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की धूम, सीएम साय करेंगे नेतृत्व

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान गढ़ने जा रहा है। जापान के ओसाका में 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर 2025 तक होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा को दुनिया के सामने पेश करेगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष आमंत्रण पर राज्य का नेतृत्व करेंगे।
“Designing Future Society for Our Lives” विषय पर आधारित इस एक्सपो में 160 से अधिक देश और 9 अंतरराष्ट्रीय संगठन भाग ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ इस मंच पर निवेश-अनुकूल कारोबारी केंद्र और सांस्कृतिक विविधता से समृद्ध राज्य के रूप में अपनी छवि को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अवसर न केवल राज्य की सांस्कृतिक और तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को वैश्विक औद्योगिक विकास के मानचित्र पर एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा।
भारत मंडप नामक भारतीय पैवेलियन में भारत की प्राचीन विरासत और आधुनिक उपलब्धियों का संगम दिखाया जा रहा है। योग, भरतनाट्यम, बॉलीवुड फिल्में और चंद्रयान ज़ोन यहां प्रमुख आकर्षण हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की ढोकरा कला, जो वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पहल का हिस्सा है, पहले ही दर्शकों का दिल जीत चुकी है। अपनी अनूठी धातु शिल्पकला के जरिए राज्य ने वैश्विक पहचान बनाई है।
छत्तीसगढ़ का राज्य स्तरीय स्टॉल ओसाका के युमेशिमा आइलैंड स्थित विशाल एक्सपो स्थल पर स्थापित होगा। यह अवसर भारत सरकार के भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के आमंत्रण पर मिला है। साथ ही, राज्य इस्पात मंत्रालय के सहयोग से औद्योगिक उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की उपस्थिति राज्य को “ढोकरा कला से आधुनिक उद्योग” तक की अनूठी यात्रा के रूप में पहचान दिलाएगी और इसे वैश्विक निवेश का नया आकर्षण बनाएगी।