छत्तीसगढ़ को रजत जयंती वर्ष में मिलेगा नया विधानसभा भवन: सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष में जनता को एक ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। नवा रायपुर में निर्माणाधीन नवीन विधानसभा भवन का कार्य तेजी से अंतिम चरण में है। आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण प्रगति का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आधुनिकता का अद्वितीय संगम होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को सितंबर 2025 तक हर हाल में पूर्ण करें ताकि 1 नवंबर को राज्योत्सव के दिन इसका लोकार्पण किया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि विधानसभा परिसर का निरीक्षण किया गया, जिसमें सदन, अध्यक्ष कक्ष और मुख्यमंत्री कक्ष शामिल हैं। यह भवन पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा।

विधानसभा भवन 52 एकड़ में फैला है और इसमें 200 विधायकों की क्षमता वाला सदन, 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम, 700 वाहनों की पार्किंग और दो सरोवर बनाए जा रहे हैं। इसमें तीन प्रमुख विंग होंगे – सचिवालय, विधानसभा कक्ष, और मंत्रियों के कार्यालय।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह केवल एक सरकारी भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान का प्रतीक बनेगा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Exit mobile version