ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल

रायपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन की फरवरी 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

जारी आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ ने 93.37 प्रतिशत नामांकन, 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर और 93.95 प्रतिशत शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं 30 दिनों से अधिक लंबित मामलों की दर केवल 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायत दर 4.96 प्रतिशत दर्ज की गई है। यह आंकड़े योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को दर्शाते हैं। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ ने पिछले महीने की तुलना में छह स्थानों की छलांग लगाकर यह पहला स्थान हासिल किया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ और शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है और यह सफलता निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और विभागीय अधिकारियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मेहनत से छत्तीसगढ़ ने यह मुकाम हासिल किया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश में 1 लाख 86 हजार 586 गर्भवती महिलाओं का इस योजना के तहत पंजीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार द्वारा अब तक 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है।

Related Articles

Back to top button