रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आज से ठंड बढ़ने का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि राज्य में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर की संभावना भी जताई गई है। मौसम में यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के अनुसार शीतलहर के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। ठंड के चलते हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने गर्म कपड़े पहनने, पर्याप्त भोजन-जल लेने और बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी है।
मैदानी इलाकों में स्थिति पर नजर डालें तो दुर्ग इस समय सबसे ठंडा रहा। पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 10°C से बढ़कर 15.2°C तक पहुंच गया। रायपुर में भी न्यूनतम तापमान 13°C से बढ़कर लगभग 16.8°C दर्ज किया गया। राज्य में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.7°C दंतेवाड़ा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। अंबिकापुर का तापमान पांच दिन पहले 6°C तक गिर गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर में सबसे कम दर्ज किया गया स्तर है।
पेंड्रा क्षेत्र के गांवों और कस्बों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म पेय का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार, नवंबर महीने में कभी अत्यधिक ठंड और कभी असामान्य गर्मी और बारिश देखी गई है। उदाहरण के लिए, 2 नवंबर 1935 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6°C दर्ज हुआ था, जबकि 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3°C रहा, जो नवंबर की अब तक की सबसे ठंडी रात मानी जाती है।
