छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : राज्य स्तरीय भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम मण्डल की बैठक 21 अगस्त को

रायपुर छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को राज्य स्तरीय भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम मण्डल की 25वीं बैठक आयोजित होगी। इस बैठक का आयोजन खनिज संसाधन विभाग द्वारा किया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता खनिज संसाधन विभाग तथा मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद करेंगे। बैठक का स्थल नवीन विश्राम भवन का कान्वेन्शन हॉल, सिविल लाइन रायपुर होगा, जो प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें राज्य और केंद्र सरकार के विभागों, तकनीकी संस्थानों तथा निजी संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
खनिज संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य खनिज नीतियों को नई दिशा प्रदान करते हुए सतत और व्यवस्थित अन्वेषण की दिशा में ठोस पहल करना है। इसमें निजी संस्थानों की भागीदारी को प्रोत्साहित कर सरकारी संस्थाओं के साथ शोध और समन्वय को बढ़ावा दिया जाएगा। बैठक में वर्ष 2024-25 में खनिजों की खोज से जुड़े कार्यों की समीक्षा होगी और वर्ष 2025-26 के लिए नए कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसका उद्देश्य राजस्व वृद्धि के साथ-साथ नए खनिज संसाधनों की पहचान सुनिश्चित करना है।
संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म द्वारा प्रस्तावित वर्ष 2025-26 की कुल 11 अन्वेषण परियोजनाओं और भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग की 29 परियोजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। इन परियोजनाओं में लिथियम, गोल्ड, ग्लूकोनाइट, लेपिडोलाइट, स्ट्रैटेजिक एवं क्रिटिकल मिनरल्स, फॉस्फोराइट, फ्लोराइट, बॉक्साइट, चूना पत्थर और लौह अयस्क जैसे खनिजों का अन्वेषण शामिल है। बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।