StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में सजेगी संस्कृति की रंगीन छटा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत महोत्सव पर इस बार नवा रायपुर में 1 से 5 नवंबर तक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाणिज्य एवं व्यापार परिसर स्थित मुख्य मंच और शिल्पग्राम मंच पर देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ 1 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा। मुख्य मंच पर सुश्री ऐश्वर्या पंडित के गायन से शुरुआत होगी। इसके बाद पीसी लाल यादव, आरू साहू, दुष्यंत हरमुख, निर्मला ठाकुर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं शाम 8 बजे प्रसिद्ध पार्श्व गायक हंशराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

2 नवंबर को सुप्रसिद्ध गायक आदित्य नारायण मुख्य आकर्षण रहेंगे। उनके साथ सुनील तिवारी, जयश्री नायर, चिन्हारी द गर्ल बैंड और पद्मश्री डोमार सिंह कंवर नाचा दल प्रस्तुति देंगे।
3 नवंबर को पार्श्व गायिका भूमि त्रिवेदी, 4 नवंबर को अंकित तिवारी और 5 नवंबर को देश के मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। इनके साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार – पूनम विराट तिवारी, रेखा देवार, प्रकाश अवस्थी, और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकार भी मंच संभालेंगे।

वहीं शिल्पग्राम मंच पर प्रतिदिन लोक एवं शास्त्रीय कला की झलक देखने को मिलेगी। यहां पण्डवानी, कत्थक, भरथरी, लोकगीत, सूफी वादन और लोकनृत्य की विविध प्रस्तुतियां होंगी। प्रदेशभर के कलाकारों के साथ युवा कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

राज्योत्सव में इस बार पारंपरिक लोककला और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। राज्य सरकार ने बताया कि रजत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Related Articles

Back to top button