छत्तीसगढ़ को 3,462 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा कर हस्तांतरण (Tax Devolution) के तहत 3,462 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा जैसे पावन अवसर पर यह आबंटन छत्तीसगढ़ की जनता के लिए एक विशेष उपहार के समान है। उन्होंने कहा कि यह राशि राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने, विकास परियोजनाओं को गति देने और लोककल्याणकारी योजनाओं को नई ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ को प्रगति और समृद्धि की नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए सतत प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से प्रदेशवासियों का जीवन और अधिक खुशहाल, सुरक्षित और समृद्ध बनेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि आगामी त्यौहारी मौसम को ध्यान में रखते हुए, और राज्यों को पूंजीगत व्यय में तेजी लाने तथा विकास और कल्याण से जुड़े व्यय को वित्तपोषित करने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से, केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर, 2025 को राज्य सरकारों को 1,01,603 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हस्तांतरण जारी किया है। यह राशि 10 अक्टूबर 2025 को जारी होने वाले सामान्य मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है।
इस कदम से छत्तीसगढ़ में योजनाओं और विकास कार्यों की गति बढ़ाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के इस सहयोग से प्रदेश में सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में सुधार और तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने अंत में एक बार फिर प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग प्रदेशवासियों के लिए खुशहाली और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।