छत्तीसगढ़ को मिले 1.06 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 29 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

इंडस्ट्री डायलॉग-3 में 21 औद्योगिक परियोजनाओं पर बनी सहमति, फार्मा-टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 10 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को लेकर आयोजित इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय में 1 लाख 6 हजार 567.8 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के करीब 150 उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है। इनके जरिए प्रदेश में लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

इस बार निवेशकों का खास रुझान फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे नए क्षेत्रों में देखने को मिला। कुल 21 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं इन्हीं क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इनमें 10,073.03 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इनसे करीब 8 हजार युवाओं को रोजगार मिल सकता है। यानी इन तीनों क्षेत्रों से कुल संभावित रोजगार का लगभग 27 प्रतिशत हिस्सा मिलने की उम्मीद है।

परंपरागत उद्योगों के साथ नए सेक्टर पर फोकस

अब तक छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान मुख्य रूप से खनिज, इस्पात और ऊर्जा क्षेत्र से रही है। लेकिन नए निवेश प्रस्तावों में रोजगार आधारित उद्योगों की हिस्सेदारी बढ़ रही है। कार्यक्रम में केएलजे ग्रुप, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज, प्रासिल इंडस्ट्रीज और ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित कई औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी। अनुमतियों की प्रक्रिया सरल बनाने और समयबद्ध निर्णय लेने पर जोर दिया जा रहा है।

नई औद्योगिक नीति से निवेश को प्रोत्साहन

राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत निवेशकों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए उद्योगों को जरूरी अनुमतियां ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सरकार का लक्ष्य निवेश को राजधानी तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाना है। इसके लिए आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग लगाने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन का भी प्रावधान है।

↑
Exit mobile version