ऑनलाइन सट्टा में छत्तीसगढ़ नंबर-1, दुष्कर्म और भ्रूण हत्या में 8वें स्थान पर

रायपुर। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट-2023 के अनुसार, ऑनलाइन सट्टा और जुआ के मामलों में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर है। राज्य में 2023 में 52 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। बुजुर्गों के खिलाफ अपराधों में भी राज्य चिंता का विषय है, जिसमें हत्या दर राष्ट्रीय औसत से तीन गुना अधिक है। 2023 में बुजुर्गों के खिलाफ 1798 मामले दर्ज हुए, जबकि 2521 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
साइबर क्राइम और फ्रॉड भी लगातार बढ़ रहे हैं। 2023 में 473 मामले दर्ज हुए, जिसमें चाइल्ड पोर्नोग्राफी, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और बच्चों से संबंधित अपराध शामिल हैं। महिलाओं से जुड़े 242 मामले, बच्चों से संबंधित 193 और यौन उत्पीड़न के 195 केस दर्ज किए गए।
आर्थिक अपराधों में राज्य की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। 2023 में 1912 मामले दर्ज हुए, जबकि भ्रष्टाचार के मामलों में कोई नया केस दर्ज नहीं हुआ। अभी 217 पुराने मामलों की सुनवाई चल रही है, जिसमें 7 मामलों में दोषी ठहराया गया और 10 मामलों में आरोपियों को बरी किया गया।
नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में छत्तीसगढ़ आगे है। 2023 में 56 हत्या, 102 हत्या की कोशिश और 4 अपहरण मामले दर्ज हुए। दुष्कर्म के मामलों में राज्य 8वें स्थान पर है, जिसमें 1171 मामले शामिल हैं। भ्रूण हत्या के 61 मामले भी दर्ज किए गए। राज्य में चाकूबाजी की घटनाएँ बढ़कर 1571 हुईं। बच्चों के खिलाफ 5904 अपराध हुए, जिसमें पाक्सो एक्ट के तहत 1989 मामले और अपहरण के 1725 केस शामिल हैं। सड़क हादसों में राज्य 12वें स्थान पर है, जिसमें 5193 हादसे और 6020 मौतें हुईं।
पर्यावरण अपराध भी बढ़े हैं। 2023 में 229 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2022 में यह संख्या 87 थी। इनमें ध्वनि प्रदूषण और सिगरेट/तंबाकू से जुड़े मामले शामिल हैं। इस रिपोर्ट से स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा, बुजुर्गों पर अपराध, साइबर क्राइम और बच्चों के खिलाफ अपराध प्रमुख चुनौतियां हैं, जबकि आर्थिक और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले कम हैं।