छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को फिर बनाया उम्मीदवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वर्तमान राज्यसभा सांसद और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलो देवी नेताम पर फिर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
छत्तीसगढ़ में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। फूलो देवी नेताम वर्तमान में राज्यसभा सांसद होने के साथ ही महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होने वाला है, लेकिन पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से टिकट दिया है।
पार्टी हाईकमान ने उम्मीदवार तय करने से पहले कई संभावित नामों पर मंथन किया था। इनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री टीएस सिंह देव के नाम भी चर्चा में थे। हालांकि लंबे विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने फूलो देवी नेताम को ही उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा नेतृत्व ने पहले सात संभावित नामों का पैनल तैयार किया था, जिसमें लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी के नाम प्रमुख रूप से सामने आए थे। इसके बाद पार्टी ने राजनीति में लगभग 30 वर्षों से सक्रिय लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया।
भाजपा में पहले से चर्चा थी कि राज्यसभा के लिए संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए किसी महिला उम्मीदवार को मौका दिया जा सकता है। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा में पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इन दो नामों में फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं, जो कांग्रेस से हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है, जबकि भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक जारी रहेगा।





