बिना देखे वंदे मातरम नहीं गा पाएंगे छत्तीसगढ़ के मंत्री: भूपेश बघेल

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने शनिवार को रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों, कर्नाटक की राजनीति, वंदे मातरम विवाद और प्रदेश में खाद-डीजल संकट जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

भूपेश बघेल ने बताया कि शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस से जुड़े मुद्दों पर पार्टी नेतृत्व के साथ लंबी बैठक हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल के साथ करीब तीन घंटे तक चर्चा हुई।

बैठक में पंजाब में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर बघेल ने कहा कि विधायक दल की बैठक और पार्टी की औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जाना चाहिए। उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा वंदे मातरम को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने तीखा पलटवार किया।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में भी वंदे मातरम के इतिहास पर चर्चा हो चुकी है और लोग इसका पूरा श्लोक गाते हैं।

बघेल ने चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने सभी मंत्रियों को एक साथ खड़ा करें और बिना किसी कागज या मोबाइल को देखे पूरा वंदे मातरम गाने को कहें। उन्होंने दावा किया कि अधिकांश मंत्री ऐसा नहीं कर पाएंगे।

बघेल ने कहा कि कांग्रेस की हर सभा और कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान से होती है तथा समापन भी इन्हीं के साथ किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा अपने किस कार्यक्रम में वंदे मातरम गाती है।

प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है, कई पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं और परिवहन क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।

Exit mobile version