जशपुर में विमान हादसा का हल्ला: एसपी बोले जुटा रहे जानकारी, विमान वीडियो सोशल मीडिया में वायरल

जशपुर। जशपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा होने की जानकारी सामने आ रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। नारायणपुर क्षेत्र के आरा पहाड़ से एक प्राइवेट विमान टकराकर क्रैश होने का हल्ला है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत और बचाव दल को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरा पहाड़ से उठती आग की लपटें और धुआं साफ नजर आ रहा है। वीडियो से दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले विमान के गिरने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचकर प्रशासन को सूचना दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में पायलट और को-पायलट के अलावा अन्य कोई यात्री सवार था या नहीं। प्रशासन विमान के रूट, उड़ान के उद्देश्य और यात्रियों की संख्या की जानकारी जुटाने में लगा है।
अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर पहुंचकर मलबे की जांच और सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए जा सकते हैं। पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से घेराबंदी कर दी गई है।



