ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कार्बन फैक्ट्री में केमिकल टैंक फटा, सुरक्षा मानकों की अनदेखी से टला बड़ा हादसा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक गढ़ कोरबा में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। यहाँ के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में अचानक केमिकल टैंक फटने से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर मौजूद थे, जो सौभाग्य से बाल-बाल बच गए। हालांकि, टैंक फटने से गर्म लिक्विड लावा की तरह चारों तरफ फैल गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में बाहर से टैंकरों के माध्यम से लिक्विड केमिकल लाया जाता है, जिसे बड़े टैंकों में स्टोर कर कार्बन निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जाती है। सोमवार को इसी प्रक्रिया के दौरान एक टैंक दबाव सहन नहीं कर सका और जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका धुएं से भर गया।

घटना की सूचना तत्काल सीएसईबी (CSEB) की फायर टीम को दी गई। मौके पर पहुंचे फायरमैन धर्मेंद्र कुमार पटेल और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो टैंकर पानी और विशेष फायर फोम का छिड़काव किया, तब कहीं जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका।

Related Articles

Back to top button