Chhattisgarh: स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए लोगों से की ये अपील, ट्वीटर पर दी जानकारी

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना संक्रमित हो गए हैं। RTPCR जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। इससे पहले मार्च 2021 में सिंहदेव कोरोना संक्रमित मिले हैं। उस दौरान होम आइसोलेशन में उनका इलाज चल रहा था।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया, कोरोना के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने रायपुर में जांच कराई। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी तबीयत ठीक है। चिकित्सकों के निर्देशानुसार होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं। सिंहदेव ने आग्रह किया है कि पिछले दिनों में जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं वे अपनी कोरोना जांच करवा लें।
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पिछले तीन दिनों से सरगुजा दौरे पर थे। वहां उन्होंने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इसी दौरान उनको सर्दी खांसी की शिकायत हुई। जिसके बाद उन्होंने अपने निवास में खुद को होम आइसोलेट कर लिया। इस दौरान अंबिकापुर के डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। वहां एंटीजन टेस्ट कराया, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद शाम को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर से रायपुर आ गए। जहां उन्होंने आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया। जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।