ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में एलपीजी, डीजल-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक, निगरानी के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस तथा डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में बैठक आयोजित की गई। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य में संचालित सभी पांच एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एलपीजी गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक के दौरान ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर केवल अत्यावश्यक संस्थानों जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव रीना कंगाले ने निर्देश दिया कि परीक्षा के समय को देखते हुए स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक परिस्थितियों को देखते हुए होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों को सीमित स्तर पर लगभग 15 प्रतिशत कमर्शियल गैस आपूर्ति देने पर भी विचार किया जाए। इसके साथ ही जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है।

Related Articles

Back to top button