छत्तीसगढ़ अब जटिल हृदय उपचारों में बना देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण बताया। पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट (ACI) में 68 वर्षीय महिला मरीज पर देश का छठा और किसी सरकारी संस्थान का पहला बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग सफलतापूर्वक किया गया। यह जटिल हृदय प्रक्रिया राइट एट्रियम यानी बैकमैन बंडल में पहली बार सरकारी संस्थान में लागू की गई।
डॉ. स्मित श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज सिक साइनस सिंड्रोम से पीड़ित थी, जिसमें हृदय की पेसमेकर कोशिकाएँ क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और धड़कन अनियमित हो जाती है। सामान्य वेंट्रिकुलर या लेफ्ट बंडल पेसिंग की बजाय बैकमैन टोटल फिजियोलॉजिकल पेसिंग से हृदय की प्राकृतिक धड़कन बनाए रखने में मदद मिली और हार्ट फेल्योर का खतरा कम हुआ।
उपचार की प्रक्रिया में सबसे पहले लेफ्ट बंडल की इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी मैपिंग की गई और फिर राइट एट्रियम में बैकमैन बंडल की लीड लगाई गई। इससे हृदय के दोनों चैम्बर्स की धड़कनें प्राकृतिक विद्युत मार्ग से नियंत्रित होने लगीं। उपचार टीम में डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. एस. के. शर्मा, डॉ. कुणाल ओस्तवाल, डॉ. अनुराग कुजूर और डॉ. वेद प्रकाश शामिल थे।
मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रमाण है कि सरकारी संस्थान अब केवल सामान्य उपचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जटिल और विश्वस्तरीय प्रक्रियाओं में भी सक्षम हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती और चिकित्सकों की उत्कृष्ट क्षमता का प्रतीक है।
इस उपलब्धि से प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक हृदय उपचार के लिए महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस सफलता ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय चिकित्सा मानचित्र पर और अधिक प्रतिष्ठित कर दिया है।