ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के किसानों की ‘होली से पहले दिवाली’,खातों में आए 10 हजार 324 करोड़ रुपए

रायपुर।छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए इस बार होली का त्यौहार खुशियों की दोगुनी सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के बिल्हा ब्लॉक (ग्राम रहंगी) में आयोजित विशाल ‘किसान सम्मेलन’ के दौरान कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की।

किसानों को बड़ी आर्थिक मजबूती

मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर प्रदेश भर के किसानों को यह राशि जारी की। अकेले बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपये मिले हैं। इस योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि निवेश में सहायता प्रदान करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। मुख्यमंत्री का स्वागत पारंपरिक रूप से ‘खुमरी’ और ‘नांगर’ (हल) भेंट कर किया गया।

इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। मंच पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित क्षेत्र के कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासन ने इस सम्मेलन के लिए व्यापक इंतजाम किए थे ताकि बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें। सरकार का दावा है कि इन कदमों से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं भी मजबूत होंगी।

263 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

किसान सम्मेलन के मंच से सीएम साय ने केवल राशि ही जारी नहीं की, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए 263.17 करोड़ रुपये की लागत वाले 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

स्वास्थ्य एवं शिक्षा: तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल और बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय।

अधोसंरचना: उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण, सड़कों का मजबूतीकरण और सिंचाई नहरों का जीर्णोद्धार।

ग्रामीण विकास: पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत नई सड़कों और छात्रावासों का निर्माण।


Related Articles

Back to top button