छत्तीसगढ़ को पीएम-जय में राष्ट्रीय सम्मान, ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य’ घोषित

रायपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य” घोषित किया गया है। यह सम्मान आज भोपाल में आयोजित एनएचए कॉन्क्लेव के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के CEO सुनील कुमार बर्नवाल द्वारा स्टेट नोडल एजेंसी (SNA) की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला और प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री धर्मेंद्र गहवाई को प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं की दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए हाल ही में कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में आयुष्मान भारत योजना को नियमित एजेंडा में शामिल किया गया। सभी जिलों में योजना की समीक्षा और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया।

राज्य नोडल एजेंसी ने संदिग्ध दावों की पहचान कर 52 अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया और 45 अस्पतालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की। इसके अलावा 32,000 से अधिक मामलों में फील्ड ऑडिट किया गया, जिससे फर्जी दावों की संख्या में भारी कमी आई। जनवरी 2025 में प्रति सप्ताह 2,000 से अधिक संदिग्ध दावे होते थे, जो अब घटकर 500 से भी कम रह गए हैं। क्लेम अप्रूवल का समय घटकर केवल 7–10 दिन हो गया है।

राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में PM-JAY के तहत पंजीकृत 97% अस्पताल सक्रिय हैं, जो पूरे देश में सर्वाधिक है। जबकि पड़ोसी मध्यप्रदेश में यह दर 62% और देश का औसत 52% है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के सभी पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा मिले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि राज्य ने कम समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का लोहा मनवाया है।

छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि से यह स्पष्ट हुआ कि पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग और सख्त कार्यवाही के माध्यम से जन स्वास्थ्य योजनाओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

Exit mobile version