रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में अपना परचम लहराया है।
देहरादून में आयोजित 28वीं ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 150 मेडल और 578 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतकर छत्तीसगढ़ ने नया इतिहास रच दिया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।
12 से 17 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की 253 सदस्यीय टीम ने भाग लिया और 74 स्वर्ण, 34 रजत तथा 42 कांस्य पदक जीते। राज्य के खिलाड़ियों ने कई व्यक्तिगत श्रेणियों में भी शानदार प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी निखिल जाल्को ने तैराकी में 5 स्वर्ण जीते।
सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी संगीता राजगोपालन ने बैडमिंटन और टेनिस में 4 स्वर्ण और 1 रजत अपने नाम किया। ओपन महिला एथलीट थोटा संकीर्तन ने 5 स्वर्ण जीतकर “गोल्डन गर्ल” का खिताब हासिल किया। वहीं वेटरन श्रेणी में सुखनंदन लाल ध्रुव ने 5 स्वर्ण और चारुलता गजपाल ने 4 स्वर्ण पदक जीते।
समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने छत्तीसगढ़ को ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की, जिसे सुश्री शालिनी रैना ने ग्रहण किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा और वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस बार प्रतियोगिता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए “एक खेल–एक वन” पहल भी चलाई गई, जिसके तहत हर पदक विजेता खिलाड़ी के नाम पर एक पेड़ लगाया गया। केरल 31 स्वर्ण के साथ दूसरे और कर्नाटक 25 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि मेजबान उत्तराखंड छठे स्थान पर आया।
