ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CG कांग्रेस की आज दिल्ली में हाई प्रोफाइल बैठक, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता दिल्ली रवाना

रायपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सोमवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और छत्तीसगढ़ का राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ गाया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और महात्मा गांधी के विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दी कि आज शाम 5 बजे दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस की एक अहम और हाई प्रोफाइल बैठक आयोजित की जा रही है।

इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज विशेष रूप से शामिल होंगे। दोनों नेता बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं।

दीपक बैज ने बताया कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस की मौजूदा स्थिति, संगठन की मजबूती और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान से मिलने वाले सभी निर्देशों को प्रदेश स्तर पर पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ लागू किया जाएगा। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए दिशा तय करने वाली बैठक माना जा रहा है।

बैज ने बताया कि बैठक में मनरेगा सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन दिनों गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। दिल्ली बैठक के बाद पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन और अभियानों की नई रणनीति तय करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आने वाले दिनों में स्थानीय मुद्दों को लेकर और आक्रामक भूमिका में नजर आएगी। जनता से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाते हुए पार्टी सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button