ठंड से थोड़ी राहत, लेकिन कुछ इलाकों में शीतलहर बरकरार

रायपुर। राज्य में ठंड के तेवर फिलहाल कुछ शांत होने के संकेत दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार और गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक ऊपर गया है, जिससे सर्द हवाओं की तीव्रता में थोड़ी कमी महसूस की जा रही है।
इसके बावजूद सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। इन क्षेत्रों में हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं रायगढ़ में सुबह-शाम ठिठुरन बरकरार है और ठंड से राहत के लिए नगर निगम ने शहर के 9 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि जरूरतमंद लोग गर्माहट पा सकें।
उत्तर भारत से आने वाली शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में तापमान लगातार गिरा है। दुर्ग में रात का तापमान 11°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। रायपुर में भी नौ साल बाद नवंबर में न्यूनतम तापमान 13°C तक दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 30.9°C दुर्ग में और न्यूनतम 10.4°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। तीन दिन पहले अंबिकापुर में तापमान 6°C तक पहुंच जाना पिछले दस साल में नवंबर माह का सबसे कम स्तर था। ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में ठंड का असर और अधिक है। लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ के लोग शाम ढलते ही घरों में दुबक रहे हैं और अलाव व गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।





