योग दिवस पर छत्तीसगढ़ में उत्साह के साथ सियासत भी: राज्यपाल- सीएम ने किया योग, बेमेतरा में विधायक ईश्वर साहू ने किया बहिष्कार

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ में विविध कार्यक्रमों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और नाराजगी भी देखने को मिली। एक ओर जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने प्रदेशभर में योगाभ्यास किया, वहीं दूसरी ओर बेमेतरा में विधायक ईश्वर साहू ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

मनेंद्रगढ़ में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने योगाभ्यास किया।
मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में सैकड़ों लोगों के साथ योग करते हुए कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा है, जिसे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और निरोग जीवन के निर्माण में योग की अहम भूमिका है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। सीएम ने योग को पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात दोहराते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन संतुलित रहता है। वहीं मनेंद्रगढ़ में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने योग को वैश्विक पहचान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को दुनिया भर में सम्मान मिला है।

नाराज विधायक को मनाते हुए योग आयोजन में मौजूद स्थानीय।
हालांकि बेमेतरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक ईश्वर साहू तब नाराज हो गए जब प्रचार सामग्री में उनकी तस्वीर नहीं दिखाई गई। नाराजगी के चलते उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया, जिससे आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बनी रही।
इसी बीच रायपुर एयरपोर्ट सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर योग दिवस का आयोजन उत्साह के साथ हुआ, जहां प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया।





