बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ भाजपा टीम की धमाकेदार सफलता: 25 में से 23 सीटों पर जीत

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने अपनी रणनीति, प्रबंधन और जोरदार चुनाव प्रचार के दम पर शानदार प्रदर्शन किया है। सारण और चंपारण के 45 विधानसभा क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ भाजपा टीम की सक्रिय भागीदारी रही। इनमें से 25 सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे और 23 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए अभूतपूर्व सफलता हासिल की।
चुनाव अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने किया। चंपारण क्षेत्र में उनके सहयोगी के रूप में सांसद एवं भाजपा मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय जुटे रहे, जबकि सारण क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन देवांगन, गजेंद्र यादव, विधायक रीकेश सेन और भावना बोहरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को हाजीपुर और लालगंज विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई थी। दोनों सीटों—हाजीपुर से संजय कुमार सिंह और लालगंज से अवधेश सिंह पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
वहीं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सरोज पांडेय को कटिहार और पूर्णिया जिले की 12 विधानसभा सीटों का प्रभार सौंपा गया, जहां एनडीए ने शत-प्रतिशत जीत हासिल की। रक्सौल क्षेत्र की 21 सीटों की जिम्मेदारी अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदार गुप्ता को दी गई थी, और यहां भी भाजपा ने सभी सीटों पर कब्जा जमाया।
मुख्यमंत्री साय की रैलियों ने बढ़ाया उत्साह
चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटना, मुंगेर और तारापुर में विशाल जनसभाएं कीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी पटना में जनसभा को संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने बिहार में डेरा डालकर लगातार प्रचार किया।
इसके अलावा मंत्री केदार कश्यप, राजेश अग्रवाल, श्यामबिहारी जायसवाल, राम गर्ग, सुशांत शुक्ला, सौरभ सिंह, अनुराग सिंहदेव, राजीव अग्रवाल, विक्रांत सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने चुनाव मैदान में पूरी ताकत झोंकी। छत्तीसगढ़ भाजपा की इस बड़ी चुनावी सफलता ने संगठन की रणनीतिक क्षमता और टीमवर्क को एक बार फिर साबित किया है।



