कर्नाटक सियासत पर छत्तीसगढ़ बीजेपी का पोस्टर वार, कांग्रेस पर लगाया धोखे का आरोप

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई ने कर्नाटक में चल रही राजनीतिक उठापटक को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने शुक्रवार को एक पोस्टर जारी कर कांग्रेस आलाकमान पर वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के साथ “बड़ा धोखा” करने का आरोप लगाया।

पोस्टर में लिखा गया है, कि “कांग्रेस आलाकमान ने टीएस बाबा के साथ बड़ा धोखा किया।” इसके जरिए बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व पर वादाखिलाफी और नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

पार्टी ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और मुख्यमंत्री बदलने के फैसले को छत्तीसगढ़ की पुरानी राजनीतिक घटनाओं से जोड़ते हुए कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर हमेशा असमंजस और आंतरिक खींचतान रही है। पार्टी ने दावा किया कि जिस तरह कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन को लेकर लंबे समय तक असमंजस बना रहा, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फॉर्मूले को लेकर विवाद हुआ था।

बीजेपी ने इसी मुद्दे को फिर से उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया। राजनीतिक गलियारों में इस पोस्टर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि बीजेपी आगामी राजनीतिक रणनीति के तहत कांग्रेस के पुराने विवादों को फिर से जनता के बीच लाने की कोशिश कर रही है।

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पोस्टर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी बयानबाजी और पोस्टर वार तेज हो गया है।

Exit mobile version