Uncategorized

Protest: पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, मोदी सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

ललित सिंह ठाकुर@राजनादगांव। (Protest) डीजल- पेट्रोल, रसोई गैस के बढ़े दामों के विरोध में कांग्रेसी कमेटी के पदाधिकारियों ने राजनांदगांव के विभिन्न पेट्रोल पंप के सामने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं राजनांदगांव शहर कांग्रेस प्रभारी अरुण सिसोदिया भी शामिल हुए।

 शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में राजनांदगांव शहर के 17 पेट्रोल पंप के सामने डीजल,पेट्रोल के बढ़े दामों को लेकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। सुबह से हो रही बारिश के बीच भी धरना प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी डटे रहे। सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित धरना प्रदर्शन में अलग-अलग पेट्रोल पंप में प्रदर्शन हेतु कांग्रेस के सभी विगं युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, व्यापारी प्रकोष्ठ के अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राजनांदगांव शहर की सभी 17 पेट्रोल पंप में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करने और धरना प्रदर्शन में शामिल होने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजनांदगांव शहर जिला कांग्रेस प्रभारी अरुण कुमार सिसोदिया भी पहुंचे और सभी 17 पेट्रोल पंप में जाकर उन्होंने इस धरना प्रदर्शन में अपनी भागीदारी दी।

इस दौरान कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ राजनांदगांव  शहर कांग्रेस प्रभारी अरुण सिसोदिया ने पेट्रोल डीजल के दाम को लेकर प्रतीकात्मक रूप से मोटरसाइकिल को हाथों से धकेलते हुए चलाया, इस दौरान उन्होंने शहर के चिखली स्थित पेट्रोल पंप में जाकर पेट्रोल भरवाने वालों को गुलाब का फूल भी भेंट किया और मोदी सरकार से पेट्रोल डीजल के दाम कम करने की मांग की।

शहर कांग्रेस के प्रभारी अरुण कुमार सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को आम जनता के लिए दर्द नहीं है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम लोगों के लिए नीतियां बनाती रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अमीरों के लिए काम करती है। कच्चा तेल सस्ता होने के बाद भी आज पेट्रोल डीजल के दाम बढ़े हुए हैं और कांग्रेस सरकार के वक्त कच्चे तेल का दाम बढ़ने के बाद भी पेट्रोल डीजल के दाम कम थे। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं शहर कांग्रेस प्रभारी अरूण कुमार सिसोदिया ने एक नारा देते हुए कहा कि “2024 तक कोई ढिलाई नहीं, जब तक नरेंद्र मोदी और भाजपा की विदाई नहीं”।  वहीं बारिश के बीच भीगते हुए भी आंदोलन में डटे हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा आम लोगों के हित में डटे रहते हैं।

धरना प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग टीम गठित

 शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने राजनांदगांव शहर के 17 पेट्रोल पंप के सामने धरना प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग टीम गठित की थी। जिसके तहत एक समय पर ही शहर के सभी पेट्रोल पंप के सामने धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राजनांदगांव शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश पर सभी पेट्रोल पंप में पेट्रोल डीजल के दाम कम करने के लिए कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में देश की जनता नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेकेगी।

विभिन्न पेट्रोल पंप के सामने 2 घंटे तक किया प्रदर्शन

पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों को लेकर हाथ में तख्तियां व बैनर पोस्टर लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने लगभग 2 घंटे तक विभिन्न पेट्रोल पंप के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

Related Articles

Back to top button