रायपुर GATE परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल: जूते में छिपाकर सेंटर पहुंचे, बाहर सॉल्वर कर रहे थे मदद; 2 लाख में हुई थी डील

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा के तीन बीटेक पास युवकों ने जूतों में ब्लूटूथ डिवाइस छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया और बाहर बैठे सॉल्वरों की मदद से नकल की। यह परीक्षा 14 फरवरी को सरोना स्थित निजी कॉलेज के टीसीएस-आयन डिजिटल जोन में आयोजित हुई थी।
मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। तीनों आरोपी जूते पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, क्योंकि परीक्षा में जूते पहनने की अनुमति होती है और उनकी जांच नहीं की जाती। इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने जूतों में सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस छिपा रखी थी। सेंटर पहुंचने के बाद छात्र वॉशरूम गए, वहां कान में डिवाइस लगाकर उसे एक्टिवेट किया और परीक्षा हॉल में बैठ गए।
बाहर हरियाणा से आए तीन अन्य युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए प्रश्नों के उत्तर खोज रहे थे। छात्र धीमी आवाज में प्रश्न पढ़ते और बाहर बैठे सॉल्वर तुरंत जवाब भेज देते थे। इस पूरी नकल की डील प्रति छात्र 2 लाख रुपये में हुई थी। यानी कुल 6 लाख रुपये में पूरा सौदा तय किया गया था।
सीसीटीवी कैमरों में छात्रों की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर केंद्र प्रभारी को शक हुआ। बिना परीक्षा बाधित किए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डीडी नगर पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर सभी छह युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान दर्शन सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, यूट्यूबर नरेंद्र कुमार, इंजीनियर सुमित सहवाग और एक अन्य युवक के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से 3 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और नकल से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस अब इस पूरे नकल सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच के बाद देशभर में फैले इस रैकेट के बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।





