दिल्ली।देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद से हवा जहरीली बनी हुई है। रविवार सुबह आनंद विहार और वजीरपुर में AQI 400 से ऊपर दर्ज हुआ, जबकि पंजाब के कपूरथला में यह स्तर 1000 पार पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक माना जाता है। दिल्ली में प्रदूषण से हर चार में से तीन परिवार बीमार हैं और 42% लोगों को गले में खराश या खांसी की शिकायत है।
उधर, हिमालयी राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा के पास 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित देवताल झील पूरी तरह जम गई है। यहां तापमान 1°C से नीचे चला गया है।
इसी बीच बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन चक्रवात ‘मोन्था’ में बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा तट से टकरा सकता है। ओडिशा, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में हाई अलर्ट जारी है। तूफान के दौरान 90–100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका है। प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया है।
केरल में बारिश से आदिमाली में भूस्खलन हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई। मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेश में भी मौसम बदला है। भोपाल में बारिश जारी है, जबकि सीकर राजस्थान का सबसे ठंडा जिला रहा। नोएडा और गाजियाबाद में हवा ‘रेड जोन’ में पहुंच चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण और बढ़ेगा, इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई है।
