ChhattisgarhStateNews

चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का गौरवशाली अतीत: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। समाज ने क्षत्रपति शिवाजी महाराज जैसे वीर योद्धा और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान नेता देश को दिए हैं। मुख्यमंत्री रविवार को दुर्ग जिले के कोलिहापुरी गांव में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के केन्द्रीय महाधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह समाज छत्तीसगढ़ की प्रगति में एक मजबूत आधार स्तंभ है और कृषि क्षेत्र में इसका विशेष योगदान है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की भलाई के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान चला रही है, जो 29 मई से 12 जून 2025 तक चलेगा। इसके तहत वैज्ञानिक सीधे किसानों से जुड़कर उन्हें नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को अब बिना गिरवी दो लाख रुपए तक का लोन मिलेगा और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। बीते खरीफ सीजन में रिकॉर्ड 149 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। सरकार पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के लिए महतारी वंदना योजना और बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा योजना लागू की गई है। रामलला दर्शन योजना और सुशासन तिहार के जरिए सरकार जनता से सीधे संवाद कर रही है।

Related Articles

Back to top button