CGPSC प्री आज: रायपुर के 48 केंद्रों में परीक्षा, 19 हजार अभ्यर्थी; 238 पदों पर होगी भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज, 22 फरवरी को आयोजित हो रही है। CGPSC द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए रायपुर में 48 केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी में करीब 19,247 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य की विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में कुल 238 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
सबसे अधिक 51 पद नायब तहसीलदार (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग) के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ‘ग’) और 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के लिए हैं। अन्य प्रमुख पदों में उप जिलाधिकारी, राज्य कर निरीक्षक, अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, उप पंजीयक और आबकारी उप-निरीक्षक शामिल हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक (जनरल स्टडीज) और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक (एप्टीट्यूड टेस्ट) होगी। प्रवेश के लिए समय से पहले मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। आयोग ने सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े, पतले सोल की चप्पल या स्लीपर ही मान्य हैं। जूते, हाई हील, गहरे रंग के कपड़े और डिजाइनर परिधान प्रतिबंधित हैं।
अभ्यर्थियों को मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूरी तरह रोक है। सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
पिछले एक दशक में पदों की संख्या में उतार-चढ़ाव रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में यह आंकड़ा 200 से 250 के बीच स्थिर है, जो राज्य में प्रशासनिक सेवाओं की निरंतर आवश्यकता को दर्शाता है।



