CBSE 10वीं का रिजल्ट जारी, लड़कियों ने फिर मारी बाजी; DigiLocker-UMANG से भी देखें परिणाम

रायपुर/दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मंगलवार, 15 अप्रैल को कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल भी छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा और कुल पास प्रतिशत उत्साहजनक दर्ज किया गया। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।

हर वर्ष की तरह इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में अधिक रहा, जिससे एक बार फिर उनकी शैक्षणिक उपलब्धि सामने आई है। हालांकि, बोर्ड ने इस बार भी टॉपर लिस्ट जारी नहीं की है, लेकिन जिन छात्रों ने विषयों में उच्च अंक हासिल किए हैं, उन्हें मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक देखा गया, जिससे कई छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में CBSE ने वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। छात्र DigiLocker और UMANG ऐप के माध्यम से अपनी डिजिटल मार्कशीट और सर्टिफिकेट आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। खास बात यह है कि UMANG ऐप पर रिजल्ट लिंक सबसे पहले एक्टिव किया गया था।

वहीं, जिन छात्रों को एक या दो विषयों में सफलता नहीं मिल पाई है या जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए भी राहत की खबर है। CBSE 15 मई 2026 से ‘सेकंड बोर्ड एग्जाम’ (फेज-2) आयोजित करेगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।

बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परिणाम को लेकर तनाव न लें और आगे की योजनाओं पर सकारात्मक तरीके से ध्यान दें।

Exit mobile version