सीबीआई की रेड से कांग्रेस नाराज, प्रदेश भर में किया प्रदर्शन

बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घरों और प्रतिष्ठानों में सीबीआई की दबिश के विरोध में गुरुवार को बिलासपुर में कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला फूंका। पुलिस ने नेहरू चौक पर प्रदर्शनकारियों का इंतजार किया, लेकिन कांग्रेसियों ने पुलिस से बचते हुए चौक पहुंचने से पहले ही पुतला फूंक दिया, और पुलिस देखती रह गई। कांग्रेसियों ने ये प्रदर्शन प्रदेश स्तर में किया। छत्तीसगढ़ के हर जिले में प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की।

प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेता इंदिरा कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नेहरू चौक पहुंचे। इस जुलूस में पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व विधायक रश्मि सिंह, सियाराम कौशिक, समीर अहमद, राकेश शर्मा, महेश दुबे, संतोष दुबे और शिल्पी तिवारी जैसे नेता शामिल थे।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार विपक्ष को कुचलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजिन सरकार ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ दबाव बनाने के लिए कर रही है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।