डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे क्रांति सेना कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

भिलाई। भिलाई में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने स्मृति नगर चौकी परिसर में घुसकर जमकर नारेबाजी की, पुलिसकर्मियों से बहस की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। गुरुवार शाम क्रांति सेना के पदाधिकारी चेतन चंदेल अपने समर्थकों के साथ स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे।

वे डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें आवेदन देकर जांच पूरी होने तक इंतजार करने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे। इस दौरान “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि पहले चौकी प्रभारी राजेश साहू और बाद में सुपेला थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।

इसी दौरान सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी थाना परिसर में एक अन्य मामले की सुनवाई कर रहे थे। शोर-शराबा सुनकर वे बाहर आए और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें परिसर से बाहर कर दिया।

इसके बाद आरक्षक राकेश सिंह की शिकायत पर चेतन चंदेल समेत अन्य लोगों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

वहीं दूसरी ओर, भूपेंद्र साहू की शिकायत पर डॉक्टर अनुराग चंद्राकर और उनके स्टाफ के खिलाफ भी मारपीट और गाली-गलौज का केस दर्ज किया गया है।

इधर, भाजयुमो के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version