मुंबई में महिला पायलट से यौन शोषण का मामला दर्ज, कैब ड्राइवर समेत तीन आरोपी

मुंबई। मुंबई में एक महिला पायलट के साथ यौन शोषण की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने कैब ड्राइवर समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना 19 जून की रात लगभग 11:15 बजे की है, जब महिला साउथ मुंबई से अपने घर घाटकोपर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी कैब ड्राइवर ने न केवल रूट बदला, बल्कि दो अजनबी पुरुषों को भी कैब में बैठा लिया।

महिला पायलट ने पुलिस को बताया कि उनका पति नौसेना में अधिकारी हैं, जो फिलहाल नौसेना के आवासीय परिसर में रहते हैं, जबकि उन्हें अब तक सरकारी आवास नहीं मिला है, इसलिए वह घाटकोपर में अलग रहती हैं। महिला के अनुसार, ड्राइवर ने करीब 25 मिनट बाद रूट बदल दिया और दो युवकों को कैब में बैठा लिया। उनमें से एक युवक पीछे बैठकर महिला के पास आ गया और उसने उसे गलत तरीके से छुआ।

जब महिला ने विरोध किया, तो युवक ने उसे धमकाया। हैरानी की बात यह रही कि कैब ड्राइवर पूरे समय मौन रहा और कोई कार्रवाई नहीं की। कुछ दूरी पर पुलिस चेकिंग देख दोनों आरोपी कैब से उतरकर फरार हो गए।इ महिला जब अपने घर पहुंची, तो ड्राइवर से सवाल किया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। अगले दिन महिला ने अपने पति को पूरी घटना बताई, जिसके बाद दोनों ने घाटकोपर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मुंबई पुलिस ने BNS की धारा 75(1), 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version