ट्रक के पीछे घुसी कार, 3 CRPF जवानों समेत 4 की मौत: कटर से काटकर निकाले गए शव

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण सड़क हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (Central Reserve Police Force) के तीन जवानों और एक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाईपास पर हुआ, जब तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार, एसआई उमेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल राजकुमार गौड़ और ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार जवान अंदर ही फंस गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला और ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद झटका इतना तेज था कि दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। क्रेन, कटर और सब्बल की मदद से कार की बॉडी काटकर शव और घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान ड्राइवर और एक अन्य जवान ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल जवान अभिमान राय को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।



