वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा था परिवार, कार में सिर्फ हड्डियां मिलीं; ड्राइवर ने कूदकर बचने की कोशिश की
दिल्ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मौजपुर इलाके में चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार में सवार 6 लोग जिंदा जल गए। हादसा इतना भयावह था कि आग बुझने के बाद कार से केवल हड्डियां बरामद हुईं।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार परिवार मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का रहने वाला था। परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर वापस लौट रहा था। मृतकों में संतोष (35), उनकी पत्नी शशि (30), सास पार्वती (55) और दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं। एक अन्य सदस्य की भी मौत हुई है।
हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे मौजपुर स्थित SSB ट्रेनिंग सेंटर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में करीब 30 मिनट तक आग धधकती रही। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। कार ड्राइवर ने आग लगते ही बाहर कूदकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अलवर ASP प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि आग बुझाने में करीब 15 मिनट लगे। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट और CNG के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है।
हादसा इतना भीषण था कि शव पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस को कार से केवल हड्डियां मिलीं, जिन्हें अलग-अलग पोटलियों में रखा गया है। शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
घटना के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम भी लग गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ड्राइवर के बयान के बाद हादसे के सही कारण सामने आने की उम्मीद है।
