केप वर्डे ने 2010 चैंपियन स्पेन को ड्रॉ पर रोका: 40 साल के गोलकीपर वोजिन्या बने हीरो, सऊदी अरब ने उरुग्वे से खेला 1-1 से ड्रॉ

अटलांटा। फीफा वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही केप वर्डे ने बड़ा उलटफेर करते हुए 2010 की चैंपियन स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया। ग्रुप-एच के मुकाबले में स्पेन का दबदबा रहा, लेकिन केप वर्डे के 40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्या और मजबूत डिफेंस के सामने उसकी एक नहीं चली। वहीं, ग्रुप के दूसरे मुकाबले में सऊदी अरब ने दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे को 1-1 की बराबरी पर रोककर अंक बांटे।

अटलांटा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने 74 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी और कुल 27 शॉट लगाए, लेकिन वह एक भी गोल नहीं कर सकी। केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 अहम बचाव किए और स्पेन के हर हमले को नाकाम कर दिया।

मैच के 39वें मिनट में फेरान टोरेस का शॉट क्रॉसबार से टकराया। इसके बाद रिबाउंड पर मिकेल ओयारजाबाल के हेडर को वोजिन्या ने बेहतरीन अंदाज में रोक लिया। दूसरे हाफ में स्पेन ने दबाव बढ़ाया और स्टार खिलाड़ी लामिन यामाल को मैदान पर उतारा, लेकिन केप वर्डे की रक्षापंक्ति को भेद नहीं सकी।

73वें मिनट में मिकेल मेरिनो के शॉट को भी वोजिन्या ने रोक दिया। मैच के अंतिम क्षणों में ओयारजाबाल के लगभग तय गोल को डिफेंडर पिको लोप्स ने लाइन के पास रोककर स्पेन की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

उधर, मियामी में खेले गए मुकाबले में सऊदी अरब और उरुग्वे के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ। सऊदी अरब ने अब्दुलेलाह अल अमरी के गोल से 1-0 की बढ़त बनाई। हालांकि 80वें मिनट में मैक्सी अराउजो ने रिबाउंड पर गोल कर उरुग्वे को बराबरी दिला दी।

इस मैच में सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल-ओवैस ने शानदार प्रदर्शन किया और 10 महत्वपूर्ण बचाव किए। वहीं उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा ने 39 साल 364 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप खेलकर नया रिकॉर्ड बनाया।

ग्रुप-एच की अंक तालिका में उरुग्वे पहले, सऊदी अरब दूसरे, स्पेन तीसरे और केप वर्डे चौथे स्थान पर है। अगले मुकाबले में स्पेन का सामना उरुग्वे से और केप वर्डे का मुकाबला सऊदी अरब से होगा।

Exit mobile version