कांस 2026: सफायर ब्लू गाउन में छाईं ऐश्वर्या राय

बेटी आराध्या का भी अनऑफिशियल डेब्यू, मां का हाथ थामकर दिए पोज

मुंबई। एश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर कांस फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपने ग्लैमरस अंदाज से छा गईं। इस बार ऐश्वर्या ने डिजाइनर अमित अग्रवाल का डिजाइन किया हुआ सफायर ब्लू गाउन पहना, जिसमें उनका रॉयल लुक सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

कांस 2026 में ऐश्वर्या के साथ उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी नजर आईं। आराध्या ने रेड कलर के स्टाइलिश गाउन में मां का हाथ थामकर कैमरे के सामने पोज दिए। इसे उनका अनऑफिशियल कांस डेब्यू माना जा रहा है। मां-बेटी की बॉन्डिंग और स्टाइल ने फैंस का ध्यान खींच लिया।

ऐश्वर्या राय साल 2002 से लगातार कांस फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा रही हैं। उन्होंने अपने डेब्यू के दौरान फिल्म देवदास की स्क्रीनिंग में पीली साड़ी पहनकर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई थी। पिछले साल उनका सफेद-गोल्डन साड़ी वाला ट्रेडिशनल लुक और सिंदूर काफी चर्चा में रहा था।

कांस में ऐश्वर्या के कई फैशन एक्सपेरिमेंट भी सुर्खियों में रहे हैं। कभी पर्पल-ब्लू लिपस्टिक तो कभी अनोखे गाउन को लेकर उन्हें ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा, लेकिन हर बार उन्होंने अपने अंदाज से अलग पहचान बनाई।

वहीं आलिया भट्‌ट का कांस 2026 लुक भी चर्चा में रहा। आलिया ब्लश पिंक बॉडीकॉन ड्रेस, प्रिंटेड बॉल गाउन और आइवरी कोर्सेट साड़ी में नजर आईं। वह इस बार लोरियल पेरिस की ग्लोबल एंबेसडर के तौर पर फेस्टिवल में शामिल हुई हैं। ऐश्वर्या राय कांस की ज्यूरी बनने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री भी रह चुकी हैं, जिसने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई।

Exit mobile version